दीक्षारंभ कार्यक्रम 2026-27

आज दिनांक 11 अगस्त 2026 को श्रीदेव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय परिसर, नैखरी (टिहरी गढ़वाल) में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक सत्र 2026-27 का दीक्षारम्भ कार्यक्रम का सफलतापूर्ण आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारम्भ राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात विश्वविद्यालय परिसर की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति दी गई।आज के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय कुलपति प्रो० अम्बरीश कुमार महाजन एवं कुलसचिव महोदय का कार्यक्रम में बैज अलंकरण कर औपचारिक स्वागत किया गया। डॉ दयाधर दीक्षित, असिस्टेंट प्रोफेसर, रसायन विज्ञान एवं कार्यक्रम संयोजक, ने दीक्षारम्भ कार्यक्रम की संक्षिप्त रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों एवं गतिविधियों की जानकारी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को दी।परिसर निदेशक डॉ महंथ मौर्य द्वारा अपने उद्बोधन में नवागंतुक छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, अपितु विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, कौशल एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकास की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। तत्पश्चात परिसर में कार्यरत समस्त शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का नवागंतुक छात्र-छात्राओं से परिचय कराया गया, जिससे विद्यार्थियों को परिसर की शैक्षणिक व्यवस्था एवं संबंधित कार्मिकों से परिचित होने का अवसर मिला।कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति महोदय एवं कुलसचिव महोदय द्वारा नवागंतुक छात्र-छात्राओं को संबोधित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए अनुशासन, नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच एवं व्यक्तित्व विकास पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने तथा अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक संरचना एवं नियमों,राष्ट्रीय सेवा योजना, छात्र कल्याण,देवभूमि उद्यमिता योजना, क्रीड़ा, रेडक्रॉस तथा डिजिटल अध्ययन प्लेटफॉर्म आदि के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। डॉ गुरु प्रसाद थपलियाल, असिस्टेंट प्रोफेसर भूगोल एवं नोडल अधिकारी, नमामि गंगे, द्वारा विद्यार्थियों को नमामि गंगे कार्यक्रम के उद्देश्यों, जल संरक्षण एवं जल स्रोतों की स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया गया।अंत में प्राचार्य द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले माननीय कुलपति, कुलसचिव, समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों, अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। आज के कार्यक्रम का सफल मंच संचालन श्री अरविंद सिंह राणा (विभागाध्यक्ष, हिंदी) द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ।इस कार्यक्रम में समस्त महाविद्यालय परिवार उपस्थित रहा।